🚨 पार्षद के गोदाम में शराब पार्टी के बाद युवक की हत्या! शव को महानदी किनारे रेत में दफनाया गया, 4 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर जिले के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। गुमशुदगी की जांच करते हुए पुलिस ने युवक की हत्या का खुलासा किया है। मामले में एक पार्षद समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को महासमुंद जिले में महानदी किनारे रेत में दफना दिया था।
पुलिस के मुताबिक, इंदिरा कॉलोनी मंदिर हसौद निवासी ईश्वरी यादव ने अपने पति भुनेश्वर यादव (38 वर्ष) की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया गया कि 22 मई की रात भुनेश्वर यादव बिना बताए घर से निकल गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज और मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों से पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन तकनीकी जांच और कड़ी पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक भुनेश्वर यादव, पार्षद नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे और उसके साथी अमित राजपूत व हेमचंद बंजारे के साथ शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि तीनों ने मिलकर भुनेश्वर यादव की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी घबरा गए और साक्ष्य छुपाने के लिए महासमुंद जिले के नांदगांव स्थित महानदी किनारे शव को रेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे, अमित राजपूत, हेमचंद बंजारे और श्रवण जांगड़े शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।