शादी बारात में पटाखा फोड़ने से मना करने पर घर में घुसकर मारपीट व धमकी देने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार। शादी बारात के दौरान घर के सामने पटाखा फोड़ने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। हुल्लड़बाजी कर रहे युवकों ने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि घर में घुसकर जान से मारने की धमकी और अभद्रता भी की। मामले में तत्परता दिखाते हुए थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) सहित तीनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है।

प्रार्थिया द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 28 मार्च 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे की है। मोहल्ले में आई एक बारात में अत्यधिक भीड़ और हुल्लड़बाजी हो रही थी। इसी बीच कुछ युवक प्रार्थिया के घर के दरवाजे के ठीक सामने पटाखे फोड़ रहे थे।
जब प्रार्थिया के भाई महेत्तर पटेल ने सुरक्षा के लिहाज से सोनू सेन और उसके साथियों को वहां पटाखा फोड़ने से मना किया, तो आरोपी उग्र हो गए। आरोपियों ने एक राय होकर “तुम क्या कर लोगे” कहते हुए विवाद शुरू कर दिया और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी जबरन घर के भीतर घुस गए और दोबारा गाली-गलौज करते हुए दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के बयान दर्ज किए। 27 जून 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। अब आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
-
- नीरज सेन उर्फ सोनू (उम्र 23 वर्ष), पिता- महेश सेन, निवासी- पुरानी बस्ती बलौदाबाजार।
- गौरव पटेल (उम्र 25 वर्ष), पिता- बलराम पटेल, निवासी- पुरानी बस्ती बलौदाबाजार।
- विधि से संघर्षरत एक बालक (नाबालिग)।
पुलिस का संदेश: शहर में शांति और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी उत्सव या बारात के नाम पर हुल्लड़बाजी और आम नागरिकों को प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।