बलौदाबाज़ार, 30 अक्टूबर 2025।
जिले के कलेक्टर दीपक सोनी ने आज जिले के सभी राइस मिलर्स की बैठक लेकर कस्टम मिलिंग कार्य की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी राइस मिलर्स नागरिक आपूर्ति निगम में लंबित बकाया चावल निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करें, ताकि आगामी धान खरीदी सीजन 2025-26 की तैयारियों में कोई बाधा न आए।
बैठक में कलेक्टर ने यह भी कहा कि “प्रदेश में शीघ्र ही धान खरीदी प्रारंभ होने वाली है, ऐसे में मिलर्स यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बकाया चावल शेष न रहे।” उन्होंने इस कार्य को शीघ्रता और पारदर्शिता से पूर्ण करने पर बल दिया।
बैठक के दौरान बारदाना उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले में कुल 38 राइस मिलर्स को कस्टम मिलिंग का कार्य आवंटित किया गया था।
खरीफ़ विपणन वर्ष 2024-25 में जिले को 94,573.88 टन चावल का लक्ष्य मिला था, जिसके विरुद्ध अब तक 83,161.43 टन चावल जमा किया जा चुका है। यानी लगभग 87.93% मिलिंग कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 11,412.45 टन चावल का जमा होना बाकी है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बकाया 12% चावल को शीघ्र नागरिक आपूर्ति निगम में जमा करें, ताकि जिले का कस्टम मिलिंग कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो सके।
बैठक में जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा, जिला विपणन अधिकारी श्री देवांगन, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम भूपेश शर्मा सहित जिले के सभी राइस मिलर्स उपस्थित रहे।
