लच्छनपुर। गांव की होनहार बिटिया कु. संजना साहू ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला लच्छनपुर में कक्षा 12वीं परीक्षा में 83% अंक अर्जित कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे गांव और परिवार का नाम गौरवान्वित किया है। संजना, पिता श्री ओमप्रकाश साहू की इस उपलब्धि से लच्छनपुर गांव में हर्ष का माहौल है।
साधारण परिवार से निकलकर अपनी मेहनत, लगन और पढ़ाई के प्रति समर्पण से संजना ने यह साबित कर दिया कि गांव की बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं। उनकी इस शानदार सफलता पर रोहांसी परिक्षेत्र अध्यक्ष श्री उमाशंकर साहू, सरपंच श्री भूपेंद्र साहू, पंच डॉ. मनहरण साहू, वरिष्ठ नागरिक खेमराम साहू, सरवन साहू, ग्रामीण अध्यक्ष साहू समाज जनक राम साहू तथा कोटवार मोती दास मानिकपुरी सहित गांव के गणमान्य नागरिकों ने घर पहुंचकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
ग्रामीणों ने कहा कि संजना की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा है। गांव की इस सफलता पर मिठाई बांटकर खुशी जताई गई। सभी ने आशा व्यक्त की कि संजना भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छूकर गांव, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेगी।