बच्चों के साथ ‘सीड बॉल’ बनाकर शिक्षिका ने पेश की पर्यावरण संरक्षण की मिसाल सिमगा की शिक्षिका भारती वर्मा की पहल को कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने सराहा

TEJASWI NATH SONI

July 7, 2026

बलौदाबाजार, 7 जुलाई 2026। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य की दिशा में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विकासखंड सिमगा से एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। शासकीय प्राथमिक शाला पौंसरी की शिक्षिका भारती वर्मा ने स्कूली बच्चों के सहयोग से औषधीय एवं छायादार पौधों के ‘सीड बॉल’ तैयार कर पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया। इस नवाचार को जिला स्तर पर भी सराहना मिली।

शिक्षिका भारती वर्मा ने बच्चों के साथ तैयार किए गए सीड बॉल्स को कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल को भेंट किया। दोनों अधिकारियों ने इस अभिनव प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे जिले के अन्य विद्यालयों के लिए भी अनुकरणीय पहल बताया।

भारती वर्मा ने बताया कि सीड बॉल मिट्टी, जैविक खाद और पौधों के बीजों से तैयार की गई छोटी-छोटी गोलियां होती हैं। इन्हें गड्ढा खोदकर लगाने की आवश्यकता नहीं होती। मानसून के दौरान इन्हें खाली मैदानों, पहाड़ियों और बंजर भूमि पर फेंक दिया जाता है। वर्षा का पानी मिलने पर इनके भीतर सुरक्षित बीज अंकुरित होकर पौधों का रूप ले लेते हैं। मिट्टी और खाद की परत बीजों को पक्षियों एवं कीटों से भी सुरक्षित रखती है।

इस अभियान की सबसे खास बात यह रही कि विद्यालय के बच्चों ने स्वयं मिट्टी और देसी खाद एकत्र कर उत्साहपूर्वक सीड बॉल तैयार किए। इस गतिविधि से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति प्रेम, टीम भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हुई।

जिला मुख्यालय में सीड बॉल्स भेंट किए जाने के दौरान कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने शिक्षिका एवं विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहलें पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बच्चों में सकारात्मक सोच और सामाजिक चेतना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।

जिले में शासकीय प्राथमिक शाला पौंसरी की यह पहल अब अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणा बन रही है। यदि प्रत्येक विद्यालय और ग्राम स्तर पर इसी प्रकार के प्रयास किए जाएं, तो आने वाले वर्षों में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिल सकती है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment