छुरा / गरियाबंद :- में इस्लामी नववर्ष (हिजरी 1448) के शुभ अवसर पर मुस्लिम समाज के युवाओं एवं समाजसेवियों द्वारा नगर में सबील (शीतल पेयजल एवं शरबत वितरण) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राहगीरों, आम नागरिकों तथा श्रद्धालुओं को शीतल पेय वितरित कर नए इस्लामी वर्ष का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के युवाओं ने भाग लिया और आपसी भाईचारे, प्रेम तथा मानव सेवा का संदेश दिया।

सबील आयोजन के माध्यम से समाज के युवाओं ने लोगों को पानी और शरबत पिलाकर सेवा भावना का परिचय दिया तथा मुहर्रम के पावन महीने की महत्ता से भी अवगत कराया। उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक और धार्मिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में देश एवं प्रदेश की खुशहाली, अमन-चैन, भाईचारे और मानव कल्याण के लिए विशेष दुआ की गई। मुस्लिम समाज ने इस्लामी नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, शांति और इंसानियत के रास्ते पर चलने का संदेश दिया।