सुघर गांव दैनिक समाचार पत्र के 14वें स्थापना दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद आरंग के सद्भावना भवन में प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं महिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद सुघर गांव दैनिक के 14वें स्थापना दिवस पर केक काटकर समारोह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजकों ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पत्रकारिता के इतिहास, उपलब्धियों और वर्तमान चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्य अतिथि एवं वक्ताओं ने पत्रकारिता में निष्पक्षता, सामाजिक उत्तरदायित्व और पत्रकारों की एकजुटता पर बल दिया।
समारोह की अध्यक्षता सुघर गांव दैनिक के संपादक श्रवण कुमार ने की। कार्यक्रम में सर्व पत्रकार एकता महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष प्रमोद कुमार बंजारे तथा प्रखर पत्रकार संघ की सचिव श्रीमती रजनी मानिकपुरी सहित अन्य अतिथियों ने पत्रकारों के अधिकारों, संगठन की भूमिका एवं पत्रकारिता के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन मोतीलाल बंजारे ने किया।
इस अवसर पर रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, मुंगेली, बेमेतरा, सक्ती, कोरिया, दुर्ग सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पत्रकारों को सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार एवं समाजसेवी असकरन दास जोगी को भी विशेष सम्मान दिया गया। वहीं नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभिन्न महिला जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों की पदाधिकारियों तथा समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा समाजसेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मान प्रदान किया गया।
तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पत्रकारों एवं अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पत्रकारिता के माध्यम से समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।