छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब लाभार्थी महिलाएं 30 जुलाई 2026 तक अपना सत्यापन करा सकेंगी। इससे पहले यह समय सीमा 30 जून निर्धारित की गई थी। दरअसल, बड़ी संख्या में महिलाओं का ई-केवाईसी अब तक लंबित है। इसी को ध्यान में रखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने यह फैसला लिया है, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। विभाग ने साफ किया है कि ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। इसके लिए किसी भी ऑपरेटर या व्यक्ति को पैसा देने की जरूरत नहीं है। यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है, तो यह पूरी तरह अवैध माना जाएगा। महिलाओं की सुविधा के लिए नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां जाकर आसानी से ई-केवाईसी कराया जा सकता है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ लगातार प्राप्त करने और राशि सीधे बैंक खाते में पाने के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य है।प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी या पैसे की मांग सामने आती है, तो इसकी शिकायत सीधे संबंधित अधिकारी से की जाए। अधिकारियों को ऐसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि इस निर्णय से हजारों महिलाओं को राहत मिलेगी और वे बिना किसी परेशानी के योजना का लाभ जारी रख सकेंगी।
Most recent
More