सरपंच पर अवैध निर्माण का आरोप, गौठान की जमीन पर खेला खेल

SARJU PRASAD SAHU

April 27, 2026

सक्ती/मालखरौदा। जिले की ग्राम पंचायत आमनडुला में सरपंच चित्ररेखा सूरज काठे और उनके पति सूरज काठे पर बड़ी अनियमितता का आरोप लगा है। आरोप है कि पूर्व में प्रस्तावित ग्राम गौठान के चारागाह की जमीन पर बिना शासनादेश के खेल मैदान के नाम पर अवैध, अधूरा और गुणवत्ताहीन अहाता निर्माण कराया जा रहा है।

शिकायतकर्ता सुरेश महिलांगे ने बताया कि पूर्व छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्राम गौठान के लिए चारागाह की व्यवस्था की गई थी, लेकिन वर्तमान सरपंच और उनके पति ने उसी जमीन पर खेल मैदान के नाम पर करीब 15 लाख रुपये की लागत से आधा-अधूरा अहाता बनवाया है। इससे पशुओं के चारागाह की व्यवस्था प्रभावित हुई है और पशु सड़कों पर घूमने को मजबूर हैं।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि सरपंच पति के साथ मिलकर मनमानी कर रही है। ग्रामीणों को अंधेरे में रखकर यह निर्माण कराया गया, जो पूरी तरह से भ्रष्टाचार का मामला है। इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बाद भी न तो निर्माण पूरा है और न ही गुणवत्ता ठीक है।

इस संबंध में शिकायत जनपद पंचायत मालखरौदा, जिला पंचायत और कलेक्टर से लेकर जिला प्रशासन तक की गई है। शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल प्रशासन के किसी आधिकारिक बयान का इंतजार है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment