छत्तीसगढ़ के सरायपाली-बसना क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती से आमजन और व्यापारी परेशान हैं। बारिश के मौसम में बार-बार बिजली गुल होने और विभाग की लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
सरायपाली-बसना। छत्तीसगढ़ के सरायपाली-बसना क्षेत्र में लगातार और बार-बार हो रही बिजली कटौती से आमजन का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना किसी ठोस कारण के घंटों बिजली बंद रखी जा रही है, जिससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
ग्रामीणों और व्यापारियों के अनुसार, बरसात के मौसम में 24 घंटे के भीतर लगभग 70 से 80 बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। वहीं, गर्मी के मौसम में भी प्रतिदिन 120 से 150 बार तक बिजली ट्रिप होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इससे लोगों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
भारी बिजली बिल, लेकिन नहीं मिल रही निर्बाध आपूर्ति
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि एक ओर उपभोक्ताओं से नियमित और भारी-भरकम बिजली बिल वसूला जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पर्याप्त और निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। बार-बार बिजली गुल होने से सबसे अधिक परेशानी बाजार पारा और व्यावसायिक क्षेत्रों के दुकानदारों को उठानी पड़ रही है, जिनका कारोबार प्रभावित हो रहा है।
विभाग पर गोलमोल जवाब देने का आरोप
बिजली कटौती की वजह जानने के लिए जब संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया गया तो उन्होंने बारिश, बिजली के तार टूटने और तकनीकी कारणों का हवाला दिया। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग स्पष्ट जानकारी देने के बजाय गोलमोल जवाब देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहा है।
कार्रवाई की मांग
लगातार बिजली कटौती और कथित लापरवाही से नाराज लोगों ने सरायपाली प्रशासन से विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली की जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्र में जनआंदोलन की स्थिति भी बन सकती है।
सरायपाली बिजली कटौती, सरायपाली विद्युत विभाग, बसना बिजली समस्या, बिजली विभाग की लापरवाही, Chhattisgarh Electricit.