कोरबा। जिले के बाकी मोगरा थाना परिसर में खड़ी एक जब्त 18 चक्का ट्रक से करीब 90 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद वाहन मालिक ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
वाहन मालिक अभय यादव के अनुसार, उनकी 18 चक्का ट्रक को 20 जून को ओवरलोडिंग के मामले में माइनिंग विभाग ने जब्त कर बाकी मोगरा थाना परिसर में खड़ा कराया था। आरोप है कि इसी दौरान अज्ञात लोगों ने ट्रक के केबिन का शीशा तोड़कर करीब 90 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया।
अभय यादव का कहना है कि जब वाहन पुलिस की निगरानी में थाना परिसर में खड़ा था, तब इस तरह की चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि जब्त वाहनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की होती है।
मामले में जानकारी लेने के लिए बाकी मोगरा थाना प्रभारी चमन लाल सिन्हा से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया।
फिलहाल मामले में चोरी के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और पुलिस जांच का इंतजार है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।