माता कर्मा जयंती पर एकजुट होगा साहू समाज 15 मार्च को गांव-गांव दीप प्रज्वलन, खिचड़ी प्रसादी के साथ होंगे भव्य आयोजन

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 14, 2026


रोहांसी। साहू समाज की आराध्य देवी माता कर्मा की जयंती इस वर्ष 15 मार्च 2026 को पापमोचनी एकादशी के पावन अवसर पर रोहांसी परिक्षेत्र सहित क्षेत्र के सभी गांवों में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इसे लेकर साहू समाज के पदाधिकारियों द्वारा व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

साहू समाज रोहांसी परिक्षेत्र के अध्यक्ष उमाशंकर साहू ने सभी ग्राम अध्यक्षों और समाजजनों से अपील करते हुए कहा है कि माता कर्मा जयंती को समाज की एकता, परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम स्तर पर सामूहिक रूप से मनाया जाए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 मार्च की संध्या को समाज के प्रत्येक परिवार द्वारा अपने-अपने घर के मुख्य द्वार पर रंगोली बनाकर पांच दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे। वहीं 15 मार्च को प्रत्येक गांव में माता कर्मा जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।

कार्यक्रम के दौरान गांव-गांव में सामूहिक रूप से खिचड़ी प्रसादी का वितरण और ग्रहण किया जाएगा। साथ ही परिक्षेत्र और तहसील स्तर के पदाधिकारियों को भी अलग-अलग गांवों में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।

अध्यक्ष उमाशंकर साहू ने समाज के सभी लोगों से आयोजन को सफल बनाने के लिए आपसी सहयोग और सामाजिक एकजुटता के साथ भागीदारी निभाने की अपील की है, ताकि माता कर्मा जयंती का यह पर्व पूरे क्षेत्र में प्रेरणादायी और यादगार बन सके।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment