छुरा / गरियाबंद:- जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “नया सवेरा अभियान” के तहत गरियाबंद पुलिस को एक और सफलता मिली है। थाना छुरा क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध नशे के परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में छुरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नवाडीह (साजापाली) में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की। जांच के दौरान आरोपी के घर से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2000 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके पर गवाहों की उपस्थिति में शराब को जब्त कर लिया।
इस मामले में आरोपी आकाश पाण्डेय (23 वर्ष) निवासी ग्राम नवाडीह (साजापाली), थाना छुरा, जिला गरियाबंद को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।