गरियाबंद में पंचायत सचिव स्थापना दिवस मनाया गया, शासकीयकरण की मांग फिर हुई बुलंद,

BHUPENDRA SINHA

July 8, 2026

गरियाबंद:- जिले में पंचायत सचिव संघ द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पंचायत सचिव स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक गरिमा के साथ आध्यात्मिक वातावरण भी देखने को मिला। मुख्य अतिथि के रूप में कथा वाचक आचार्य युवराज पांडे महाराज शामिल हुए। वहीं जिले के पांचों विकासखंडों के जनपद पंचायतों के सीईओ, पंचायत सचिव संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पंचायत सचिव उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर हाल ही में नियुक्त हुए जिले के दो पंचायत सचिवों का मुख्य अतिथि आचार्य युवराज पांडे महाराज के हाथों सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न पंचायतों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सचिवों को भी प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सचिव संघ के अध्यक्ष प्रवीण साहू ने पंचायत सचिवों की वर्षों पुरानी मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव 62 वर्ष की आयु तक लगातार अपनी सेवाएं देते हैं, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें शासकीय कर्मचारियों के समान सुविधाएं प्राप्त नहीं होतीं। उन्होंने राज्य सरकार से पंचायत सचिवों का शासकीयकरण किए जाने की मांग दोहराते हुए कहा कि यह मांग लंबे समय से लंबित है और सरकार को इस पर गंभीरता से सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

सचिव संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार उनकी वर्षों पुरानी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर पंचायत सचिवों को न्याय देगी। कार्यक्रम का समापन सम्मान समारोह एवं सभी पंचायत सचिवों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment