रायपुर। वैदिक परंपराओं के संरक्षण और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ द्वारा रविवार, 3 मई को पुरानी बस्ती स्थित श्री महामाया देवी मंदिर के सत्संग भवन में प्रदेश स्तरीय सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में 71 ब्राह्मण बटुकों का विधिवत उपनयन संस्कार संपन्न होगा।
कार्यक्रम के मुख्य सलाहकार एवं संयोजक डॉ. भावेश शुक्ला “पराशर” ने बताया कि उपनयन संस्कार से पूर्व पारंपरिक अनुष्ठानों जैसे तेलमाटी, मंडपाच्छादन, मातृका पूजन और हरिद्रालेपन की विधियां पूरी की जाएंगी। इसके पश्चात बटुकों का मुंडन संस्कार कर उन्हें यज्ञोपवीत धारण कराया जाएगा।
संस्कार के दौरान आचार्यों द्वारा बटुकों को गायत्री मंत्र की दीक्षा दी जाएगी तथा उन्हें धार्मिक एवं सांस्कृतिक कर्तव्यों की जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में बटुकों द्वारा भिक्षा-वृत्ति की परंपरा का प्रतीकात्मक निर्वहन भी किया जाएगा।
प्रदेश सचिव पं. सजल तिवारी ने जानकारी दी कि परिषद् द्वारा इस प्रकार के सामूहिक उपनयन संस्कार पूर्व में भी सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें बड़ी संख्या में बटुकों ने भाग लिया है। इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बटुक इस आयोजन में शामिल होंगे।