मुढ़ाली का मुख्य मार्ग बदहाल, विकास के दावों की खुली पोल

SARJU PRASAD SAHU

July 29, 2026

गड्ढों और कीचड़ से जूझ रहे ग्रामीण जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की अनदेखी पर उठे सवाल

कोरबा। 29 जुलाई कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुढ़ाली का मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और बरसात के कारण फैला कीचड़ ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों, स्कूली बच्चों, किसानों और वाहन चालकों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, जिससे लोगों में लगातार चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत या निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि विकास के बड़े-बड़े दावों के बावजूद गांव का मुख्य मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। खराब सड़क के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहीं किसानों और आम लोगों को समय के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सड़क का शीघ्र सर्वे कराकर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि मुढ़ाली के लोगों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध हो सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment