महासमुंद। जिले के विभिन्न थानों में विभिन्न अपराधों में जप्त कर राजसात किए गए 117 वाहनों की नीलामी पुलिस लाइन परसदा में विधिवत संपन्न हुई। ये वाहन वर्ष 2015 से 2024 के बीच जप्त किए गए थे। नीलामी से कुल 4 लाख 53 हजार रुपये की प्राप्ति हुई, जिसे नियमानुसार राजस्व के खाते में जमा कर दिया गया।
नीलामी किए गए वाहनों में 108 दोपहिया और 9 चारपहिया वाहन शामिल हैं। जिले के थानों में आबकारी अधिनियम के 106 प्रकरणों (102 मोटरसाइकिल, 4 चारपहिया) तथा एनडीपीएस अधिनियम के 11 प्रकरणों (6 मोटरसाइकिल, 5 चारपहिया) में ये वाहन जप्त किए गए थे। ये सभी वाहन अपराधों में प्रयुक्त होने के कारण राजसात किए गए थे।
शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार नीलामी प्रक्रिया पूरी की गई। नीलामी हेतु गठित टीम की उपस्थिति में यह कार्यवाही संपन्न हुई। टीम में श्री रवि साहु,अपर कलेक्टर, महासमुंद, एस. देवांगन,एसडीओ, विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग, श्री आर.के. ध्रुव जिला परिवहन अधिकारी एवं श्रीमती दीप्ति कश्यप रक्षित निरीक्षक, रक्षित केंद्र महासमुंद ने नियमानुसार नीलामी प्रक्रिया का संचालन किया।