महासमुंद पुलिस ने ध्वस्त किया अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क, सतना से मास्टरमाइंड गिरफ्तार

SARJU SAHU

July 13, 2026

महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बसना पुलिस ने 215 किलोग्राम गांजा तस्करी मामले में फरार चल रहे अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड एवं पायलट अशोक सिंह (27) को मध्यप्रदेश के सतना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना बसना में अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत धारा 20(ख)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, 10 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पदमपुर (ओडिशा) से बसना की ओर आ रही पांच मोटरसाइकिलों को घेराबंदी कर पकड़ा गया था। तलाशी के दौरान बाइक की पिछली सीट पर बनाए गए विशेष लोहे के कम्पार्टमेंट से 215 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 7 लाख 50 हजार रुपये है, बरामद किया गया था। मौके से पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया था।

गिरोह ने पुलिस को चकमा देने के लिए मोटरसाइकिलों की पिछली सीट पर विशेष धातु का कम्पार्टमेंट तैयार कराया था। इसके ऊपर कपड़ों का ढेर बांधकर खुद को फेरीवाला दिखाते हुए गांजा की तस्करी की जा रही थी। बसना पुलिस ने इस अनोखे और शातिर तरीके का पर्दाफाश करते हुए पूरी खेप जब्त कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों के मेमोरेंडम, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल डेटा और बैंक लेन-देन की जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले। जांच में सामने आया कि पूरे नेटवर्क का संचालन अशोक सिंह कर रहा था। वह मुख्य सप्लायर के साथ मिलकर खेप की पायलटिंग करता था और अवैध लेन-देन व एडवांस भुगतान के लिए अपनी पत्नी के बैंक खाते का इस्तेमाल करता था।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गठित विशेष टीम ने मध्यप्रदेश के सतना में दबिश देकर 10 जुलाई 2026 को अशोक सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर उसे बसना लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

अब तक छह आरोपी गिरफ्तार इस कार्रवाई के साथ अब तक इस अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले में इंड-टू-इंड इन्वेस्टिगेशन और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के जरिए नेटवर्क के अन्य सदस्यों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच जारी है।

कुल 1.11 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

पुलिस ने इस मामले में अब तक— 215 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 1.07 करोड़ रुपये) 5 मोटरसाइकिलें (लगभग 3 लाख रुपये) 5 मोबाइल फोन (लगभग 50 हजार रुपये) गांजा छिपाने में इस्तेमाल किए गए 5 विशेष लोहे के कम्पार्टमेंट

जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 11 लाख रुपये बताई गई है।

महासमुंद पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment