
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी पहल मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन साइंस कॉलेज मैदान, रायपुर में गरिमामय वातावरण में किया गया। इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों जोड़ों ने वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया।
कार्यक्रम में बलौदा बाजार जिले से कुल 69 जोड़े शामिल हुए, जिनमें विकासखंड पलारी के 19 जोड़े सम्मिलित रहे। शासन द्वारा इस योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को ₹35,000 की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। इसके अतिरिक्त शेष राशि वर-वधु के वस्त्र, विवाह की आवश्यक सामग्री तथा विवाह आयोजन की व्यवस्थाओं पर व्यय की जाती है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलती है।
पलारी विकासखंड से शामिल नवदंपत्तियों को जनपद पंचायत अध्यक्ष माननीय श्रीमती सविता भीम यादव एवं नगर पंचायत अध्यक्ष माननीय गोपी साहू ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी जोड़ों के सुखद, समृद्ध और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना छत्तीसगढ़ सरकार की एक सराहनीय सामाजिक पहल है, जो दहेज प्रथा पर रोक लगाने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और गरीब परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।