पटवारी कार्यालय सरसींवा में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन, राजस्व अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति

TEKRAM KOSLE

August 15, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

सरसींवा। 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटवारी कार्यालय सरसींवा, तहसील सरसींवा में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश की आजादी के महान सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर देशभक्ति एवं राष्ट्रसेवा की भावना से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राजस्व विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्यालय पटवारी प्रणवीर ठाकुर, राजस्व निरीक्षक दिनेश चंद्रवंशी, पटवारीगण राकेश पटेल, भास्कर जायसवाल, पुरुषोत्तम पटेल, मनोज अनंत, दिलीप खैरवार एवं खेमराज अनंत सहित क्षेत्र के अनेक अधिवक्तागण उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए।
राजस्व निरीक्षक दिनेश चंद्रवंशी ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की जनहितकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं मुख्यालय पटवारी प्रणवीर ठाकुर ने राजस्व विभाग की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं ने राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा और सभी ने मिलकर राष्ट्रगान का गायन किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया।

संपादक { समाचार }

Share this content:

Leave a Comment