छत्तीसगढ़ फिटनेस रन 2026 के उत्साह में ग्रामीणों ने चलाया स्वच्छता अभियान, खेल मैदान, सड़क, स्कूल व तालाब की सफाई कर दिया स्वास्थ्य का संदेश

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

January 18, 2026


खरतोरा-
छत्तीसगढ़ फिटनेस रन 2026 को लेकर ग्राम खरतोरा सहित आसपास के गांवों में जबरदस्त उत्साह का माहौल बना हुआ है। 25 जनवरी 2026, रविवार को आयोजित होने वाली इस फिटनेस रन के उपलक्ष्य में ग्रामीणों द्वारा एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य न केवल गांव को स्वच्छ बनाना था, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और खेल के प्रति जागरूक करना भी था। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए गांव के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की।

स्वच्छता अभियान के अंतर्गत खेल मैदान, सड़क किनारे, बस स्टैंड, प्राथमिक विद्यालय, हाई स्कूल परिसर तथा तालाब के आसपास जमा गंदगी को साफ किया गया। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। ग्रामीणों का कहना था कि स्वच्छता और फिटनेस एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और स्वस्थ समाज की नींव स्वच्छ वातावरण से ही रखी जा सकती है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत खरतोरा के सरपंच श्री राजेंद्र कुमार भारती, पंचगण भागवत साहू, हेम कुमार साहू, गीता बाई साहू, महिला शक्ति संगठन संडी, महतारी संघ खरतोरा तथा शारीरिक प्रशिक्षण एवं स्पोर्ट्स संगठन के अध्यक्ष कमलेश कुमार सहित संगठन के कई सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन से जुड़े जितेंद्र कुमार फेकर, संतोष पटेल, चित्ररेखा साहू, रामेश्वरी साहू, हेम कुमार साहू, नागमणि साहू, संतु यादव, धनेश्वर पटेल, छन्नू, रांची, चाहूं, दीशू सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच श्री राजेंद्र भारती ने छत्तीसगढ़ फिटनेस रन 2026 को गांव के लिए ऐतिहासिक आयोजन बताते हुए कहा कि इससे युवाओं में खेल और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए पंचायत की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पंच भागवत साहू ने भी फिटनेस रन को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की। शारीरिक प्रशिक्षण एवं स्पोर्ट्स संगठन के अध्यक्ष कमलेश कुमार ने कहा कि यह आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करेगा।

आयोजन समिति के सदस्य जितेंद्र कुमार फेकर ने बताया कि ग्रामीणों और युवाओं के बढ़ते उत्साह को देखते हुए छत्तीसगढ़ फिटनेस रन 2026 के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 22 जनवरी 2026 तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों, खिलाड़ियों और युवाओं से अपील की कि वे इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाएं और स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का संदेश पूरे क्षेत्र में फैलाएं।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment