सुहेला । अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र कुकूरदी में श्रमिकों को उकसाकर जबरन काम बंद कराने के मामले में सुहेला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलीप वर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर स्वयं को मजदूर यूनियन का अध्यक्ष बताकर श्रमिकों को डराने-धमकाने, झूठा प्रलोभन देने और अवैध वसूली का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 12 जनवरी 2026 को संयंत्र प्रबंधन की ओर से थाना सुहेला में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि दिलीप वर्मा अपने साथियों के साथ संगठित रूप से संयंत्र के संविदा श्रमिकों को धमकाकर मुख्य द्वार पर एकत्रित करता था और औद्योगिक शांति भंग करते हुए काम बंद कराने का दबाव बनाता था। विरोध करने पर चक्का जाम करने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले में थाना सुहेला में अपराध क्रमांक 09/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संगठित अपराध से जुड़ी धाराओं 61(2)ख, 308(4), 126(2), 351(3), 190, 191(2) एवं 111(3) के तहत विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपराध करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी दिलीप वर्मा (38 वर्ष), निवासी ग्राम खम्हरिया, थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर को 17 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, मामले में आरोपी के साथ संगठित रूप से अपराध करने वाले अन्य लोगों की तलाश जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहन विवेचना कर रही है और औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।