गिरौदपुरी सतनामी समाज मेला का आयोजन 4 से 6 मार्च तक। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने दौरा कर लिया व्यवस्था का जायजा।

MOTI LAL

February 14, 2025

बलौदाबाजार,14फरवरी 2025। संत शिरोमणि बाबा गुरू घासीदास जी के जन्मस्थली व तपोभूमि गिरौदपुरी में आगामी 4 मार्च से 6 मार्च 2025 तक विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। जिलाधीश दीपक सोनी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने गिरौदपुरी का दौरा कर मेले के लिए प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। उन्होने मंदिर परिसर में ही मेला समिति से जुड़े सदस्यों से व्यवस्था संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कार्य सौंपते हुए समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये।

जिलाधीश ने अधिकारियों से कहा कि प्रति वर्ष यहां विशाल मेले का आयोजन होता है। इस बार भी मेला के सफल आयोजन के लिए बेहतर तैयारी करें। उन्होंने मंदिर परिसर, जैतखाम, विश्रामगृह, पार्किंग,एरिया,सुरक्षा,
लाइटिंग, पेयजल, दर्शनार्थियों के ठहरने की व्यवस्था आदि की बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कम्यूनिटी टाॅयलेट और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीव्ही लगाने को भी कहा है। उन्होंने गिरौदपुरी से लगभग 7 किलोमीटर दूर छाता पहाड़ और इससे आगे पंचकुण्डी स्थल में भी आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने मेला के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने तथा शरारती तत्वो पर कड़ी नजर रखने मेला परिसर में लगभग 36 सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्देश दिये। इसके साथ ही सडक किनारे के पेड़ों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने तथा सड़क किनारे के दुकानो के द्वारा सडक पर सामान रखने पर कार्यवाही करने के भी निर्देश दिये। जिलाधीश और पुलिस अधीक्षक ने गुरु गद्दी का दर्शन कर लिया आशीर्वाद लिया और पूजा अर्चना कर जिले वासियों की सुख समृद्धि दुआ मांगा।

इस अवसर पर मेले समिति से जुड़े सदस्य, गिरौदपुरी एसडीएम रामरतन दुबे, एसडीओपी कौशल किशोर वासनिक, उप पुलिस अधीक्षक यातायत अमृत कुजूर सहित मेला तैयारी से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

प्रधान संपादक

Share this content:

1 thought on “गिरौदपुरी सतनामी समाज मेला का आयोजन 4 से 6 मार्च तक। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने दौरा कर लिया व्यवस्था का जायजा।”

Leave a Comment