सक्ती/डभरा। डभरा विकास खण्ड के अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सकराली में आज एक प्रेरणादायक और जनकल्याणकारी पहल के तहत निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा 9वीं में प्रवेश लेने वाली 50 बालिकाओं को साइकिलें वितरित की गईं, जिससे उनकी शिक्षा की राह अब और भी आसान हो सकेगी। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ना और उनकी स्कूल तक पहुंच को सरल बनाना है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन छात्राओं को राहत देना है, जिन्हें दूर-दराज से स्कूल आने-जाने में कठिनाई होती थी। अब साइकिल मिलने से वे समय पर स्कूल पहुंच सकेंगी और पढ़ाई बीच में छूटने की समस्या भी कम होगी।
जनपद पंचायत डभरा के सभापति इंजीनियर विमल खूंटे अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल दी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। यह पहल न केवल शिक्षा को बढ़ावा देती है, बल्कि बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक मजबूत कदम है। इस अवसर पर “बेटियाँ पढ़ेगी, विकास गढ़ेगी” का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से शाला विकास प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रकाश खांडे, सरपंच प्रतिनिधि श्याम कुमार महिलांगे, रवि बघेल, नर्मदा कुर्रे, जागेश्वर खूंटे, प्राचार्य श्रीमती सीता कुर्रे, व्याख्याता एम. एल. टांडे सहित समस्त स्टाफ गण उपस्थित रहे।