छुरा / गरियाबंद:- छुरा ब्लॉक के टेंगनाबासा के आगे खेतों में रखी पैराली में आज सुबह अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात बताया जा रहा है। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है।
आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर 112 की टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का कार्य शुरू किया, जिससे आग को आसपास के खेतों तक फैलने से रोका जा सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल रही थी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसानों में भी आग को लेकर चिंता देखी गई। हालांकि राहत टीम की तत्परता से नुकसान टल गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्मी और सूखी पैराली के कारण आग तेजी से फैल रही थी। फायर ब्रिगेड की टीम के आने के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
वहीं जिला प्रशासन ने किसानों से खेतों में पैराली नहीं जलाने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि पैराली जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है और आग फैलने जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। किसानों से सुरक्षित एवं वैकल्पिक तरीकों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।