कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूमोड़ के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार से आ रहे दो भारी-भरकम ट्रेलरों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत इतनी भयावह थी कि एक ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर लोहे के मलबे में तब्दील हो गया। हादसे में चालक केबिन के अंदर स्टीयरिंग और लोहे के ढांचे के बीच बुरी तरह फंस गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। हादसे के तुरंत बाद दूसरे ट्रेलर का चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस और डायल-112 को दी।
गैस कटर से निकाला गया शव सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। चालक का शव ट्रेलर के क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे बाहर निकालना आसान नहीं था। पुलिस ने गैस कटर मंगाकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। लगभग एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान केबिन की लोहे की चादरों को काटकर शव को बाहर निकाला गया।
हाईवे पर लगा लंबा जाम दुर्घटना के कारण कटघोरा हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया।
फरार चालक की तलाश शुरू पुलिस ने मृत चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद फरार हुए दूसरे ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार बनी वजह प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण दोनों ट्रेलरों की तेज रफ्तार माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और पुलिस ने वाहन चालकों से हाईवे पर निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।