बलौदाबाजार, 3 जून 2026। खेती के लिए समय पर खाद और बीज की उपलब्धता किसानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता होती है। जिला प्रशासन एवं सहकारी समितियों की बेहतर व्यवस्था के चलते जिले के किसानों को आवश्यकता अनुसार खाद एवं बीज उपलब्ध हो रहा है, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल है।
ग्राम पाहंदा निवासी किसान बालचंद बांधे के लिए खेती केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा है। इस वर्ष वे अपनी स्वयं की भूमि के साथ-साथ रेगहा और अधिया पर ली गई भूमि सहित कुल 25 एकड़ क्षेत्र में धान की खेती करने की तैयारी कर रहे हैं।
इतने बड़े रकबे में खेती के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज की व्यवस्था करना उनके लिए एक बड़ी चुनौती थी। समय बीतने के साथ उनकी चिंता भी बढ़ रही थी, लेकिन इस बार शासन, प्रशासन और सहकारी समिति की तत्परता से उन्हें समय रहते आवश्यकता अनुसार उन्नत किस्म के खाद और बीज उपलब्ध हो गए। इससे खेती के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी की आशंका समाप्त हो गई है।
किसान बालचंद बांधे ने बताया कि जब किसानों को सही समय पर खाद और बीज मिल जाता है तो खेती की आधी चिंता अपने आप दूर हो जाती है। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था से उन्हें काफी राहत मिली है और अब वे पूरे उत्साह के साथ अपने 25 एकड़ खेत में धान की खेती की तैयारी में जुट गए हैं।
समय पर उपलब्ध कराए गए कृषि आदानों से किसानों का भरोसा बढ़ा है और वे आगामी खरीफ सीजन को लेकर आशान्वित नजर आ रहे हैं।