प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों की छुट्टियां समय से पहले घोषित कर दी हैं। पहले जहां ग्रीष्मकालीन अवकाश 1 मई से शुरू होना था, वहीं अब इसे 20 अप्रैल से लागू किया जाएगा। यह अवकाश 15 जून 2026 तक जारी रहेगा।
स्कूल शिक्षा विभाग ने गुरुवार को आदेश जारी करते हुए बताया कि लू और गर्म हवाओं के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। आदेश सभी सरकारी, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों पर लागू होगा।
हालांकि, यह राहत केवल छात्रों को मिलेगी। शिक्षकों के लिए अवकाश लागू नहीं होगा और उन्हें पूर्व निर्धारित कार्यों के अनुसार स्कूल आना होगा।
प्रदेश में इन दिनों तापमान लगातार 40 डिग्री के पार जा रहा है, जिससे दोपहर के समय हालात और ज्यादा गंभीर हो रहे हैं। ऐसे में सरकार का यह फैसला अभिभावकों के लिए भी राहत भरा माना जा रहा है।