एसएनसीयू बना नवजातों का जीवनदाता, 780 ग्राम के शिशु को मिली नई जिंदगी

SARJU PRASAD SAHU

April 16, 2026

जिला अस्पताल की पहल से नवजातों को मिल रही बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा

बलौदाबाजार। 16 अप्रैल 2026 जिला अस्पताल स्थित मातृ-शिशु अस्पताल में संचालित स्पेशल न्यू बोर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) नवजात शिशुओं के लिए जीवनदाता साबित हो रही है। यहां गर्भवती महिलाओं और नवजातों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे परिजनों को अब बड़े शहरों या निजी अस्पतालों की ओर रुख करने की जरूरत नहीं पड़ रही है।

हाल ही में एसएनसीयू में एक जटिल मामले में बड़ी सफलता मिली, जब समय से पहले जन्मे मात्र 780 ग्राम वजन के नवजात शिशु को डॉक्टरों की सतत निगरानी और विशेष देखभाल के जरिए नया जीवन मिला। करीब 68 दिनों तक चले इलाज के बाद शिशु का वजन बढ़कर 1 किलो 300 ग्राम हो गया और उसे पूरी तरह स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि सितंबर 2022 से संचालित इस यूनिट में अब तक सैकड़ों नवजात शिशुओं का सफल उपचार किया जा चुका है। वहीं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रोशन देवांगन के अनुसार, पिछले दो वर्षों में समय से पूर्व जन्मे 11 गंभीर नवजातों को विशेष देखभाल से पूर्ण रूप से स्वस्थ किया गया है।

जिला अस्पताल की यह पहल न केवल नवजात शिशुओं की जान बचाने में कारगर साबित हो रही है, बल्कि शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के साथ ही ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी बड़ी राहत दे रही है।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और आधुनिक सुविधाओं से लैस एसएनसीयू अब जिले में उम्मीद और जीवन का केंद्र बनकर उभर रहा है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment