कसडोल। नगर पंचायत कसडोल में वर्षों से अधूरा पड़ा सर्व मांगलिक भवन एवं गार्डन का निर्माण कार्य अब जल्द पूरा होने की उम्मीद है। नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू के लगातार प्रयासों के बाद निर्माण कार्य को गति देने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर पहल तेज हुई है।
जानकारी के अनुसार, अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने इस विषय को नगरीय प्रशासन, नगर पंचायत परिषद की बैठकों, दिशा समिति की बैठक तथा जिला प्रशासन के समक्ष लगातार उठाया। उन्होंने अटल परिसर चौक स्थित अधूरे सर्व मांगलिक भवन एवं गार्डन का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग संबंधित अधिकारियों के समक्ष कई बार रखी। इसके अलावा निर्माण एजेंसी एवं ठेकेदार से भी नियमित चर्चा कर कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की।
इसी क्रम में शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी एवं सहायक अभियंता प्रवीण साहू ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों को अधूरे निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
नगरवासियों का कहना है कि सर्व मांगलिक भवन एवं गार्डन के पूर्ण होने से सामाजिक, सांस्कृतिक तथा पारिवारिक आयोजनों के लिए नगर को एक आधुनिक एवं सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध होगा। लंबे समय से नगरवासी इस निर्माण कार्य के पूरा होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने कहा कि नगर के विकास एवं जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा कराना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्षों से लंबित यह निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होकर नगरवासियों को समर्पित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सभापति रामा धीवर, अजय साहू, भानु प्रताप साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।