थाना लवन । 12 जनवरी 2026थाना लवन अंतर्गत ग्राम गदहीडीह में चाकू से प्राणघातक हमला कर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पतासाजी जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी धनऊ राम ध्रुव निवासी ग्राम गदहीडीह ने थाना लवन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 10 जनवरी 2026 की शाम लगभग 7.15 बजे उसके पुत्र चुम्पेश्वर ध्रुव के साथ कुछ युवकों ने चाकू से गंभीर मारपीट की। घायल अवस्था में चुम्पेश्वर ध्रुव को जिला अस्पताल बलौदाबाजार ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लवन में अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना लवन पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद ग्रामीणों एवं गवाहों से विस्तृत पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रकरण में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक सहित दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने नशा करने की बात को लेकर हुए विवाद के दौरान आवेश में आकर चुम्पेश्वर ध्रुव पर चाकू से हमला करना स्वीकार किया। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू एवं स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 CR 9039 जप्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को आज 12 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया जारी है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम दीपेश वर्मा उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम कोलिहा, थाना लवन बताया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी विधि से संघर्षरत बालक है। प्रकरण में शामिल एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में संलिप्त सभी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी