जांजगीर-चांपा। जिले में गौ संरक्षण को लेकर शिवसेना ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। संगठन के पदाधिकारियों और सैकड़ों शिवसैनिकों ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधीश को ज्ञापन सौंपते हुए गौ माता को ‘राज्य माता’ घोषित करने सहित सख्त कानून बनाने की मांग की।
यह पहल प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के निर्देश पर जिला अध्यक्ष दिलेश्वर विश्वकर्मा और महिला सेना जिला अध्यक्ष कविता धीवर के नेतृत्व में की गई। ज्ञापन में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौ तस्करी में प्रयुक्त वाहनों की जब्ती, दोषियों पर हत्या का प्रकरण दर्ज करने और गौठानों को व्यवस्थित गौशाला में विकसित करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
शिवसेना द्वारा 3 जुलाई से चलाए जा रहे महा हस्ताक्षर अभियान को भी व्यापक जनसमर्थन मिलने का दावा किया गया। संगठन के अनुसार, हजारों नागरिकों ने हस्ताक्षर कर गौ संरक्षण के पक्ष में अपनी सहमति दी है, जिनके समर्थन पत्र भी प्रशासन को सौंपे गए।
इस दौरान जिला अध्यक्ष दिलेश्वर विश्वकर्मा ने कहा कि गौ रक्षा भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए सरकार को इस दिशा में ठोस और कड़े कदम उठाने चाहिए। वहीं महिला सेना जिला अध्यक्ष कविता धीवर ने गौ तस्करी और हत्या के मामलों में सख्त कानून लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में संतोष सारथी (जिला उपाध्यक्ष), गीतेश यादव व गोपी यादव (विधानसभा उपाध्यक्ष), प्रदीप कश्यप (ब्लॉक अध्यक्ष नवागढ़), अरमान शर्मा (नगर अध्यक्ष जांजगीर), अक्षय ओग्रे (ब्लॉक अध्यक्ष अकलतरा), दीपक यादव (युवा सेना जिला अध्यक्ष) और लक्ष्मी नारायण (किसान सेना जिला अध्यक्ष) सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।