कलेक्टर ने अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों का किया निरीक्षण

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

April 23, 2026

ई-केवाईसी सहित सभी सेवाएं समय पर देने के निर्देश, बिजली बाधा दूर करने कहा

 योजनाओं का जमीनी क्रियान्वयन परखने कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम पनगांव और लाहौद का दौरा कर अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों में दी जा रही सेवाओं का जायजा लेते हुए ऑपरेटरों को ई-केवाईसी सहित सभी सुविधाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। ग्राम लाहौद में नवनिर्मित भवन में संचालित केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रतिदिन होने वाले बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य सेवाओं की जानकारी ली। ऑपरेटर ने बताया कि केंद्र में लगभग 24 प्रकार की सेवाएं उपलब्ध हैं और वर्तमान में महतारी वंदन योजना के हितग्राही ई-केवाईसी के लिए पहुंच रहे हैं। कलेक्टर ने बिजली बाधा को देखते हुए इन्वर्टर की व्यवस्था करने सरपंच और सचिव को निर्देशित किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र परिसर के पास सोखता गड्ढा निर्माण में श्रमदान भी किया और ग्रामीणों को इसके महत्व की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने पनगांव के अटल डिजिटल केंद्र का निरीक्षण कर हितग्राहियों से चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि 15 से 20 मिनट में ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी हो रही है और इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा। ऑपरेटर के अनुसार लगभग 40% हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है, शेष कार्य 15 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। कलेक्टर ने इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र और पीडीएस दुकानों के संचालन की स्थिति की भी जानकारी ली। जिले में 26 अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्वीकृत हैं, जिनमें से 25 वर्तमान में संचालित हैं। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, एसडीएम प्रकाश कोरी, सीएमएचओ डॉ राजेश अवस्थी, ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर संदीप साहू , सी एस सी DM रविन्द्र कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment