रिपोर्ट: शिखा दास, महासमुंद
मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने कहा
महासमुंद, 02 जून 2026। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शासन के निर्देशानुसार बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार एवं अपर कलेक्टर रवि साहू उपस्थित रहे, जबकि सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ तथा जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 1 जून से ई-फाइल प्रणाली अनिवार्य रूप से लागू कर दी गई है तथा मैनुअल फाइल संचालन प्रतिबंधित रहेगा। सभी विभागों को इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के संबंध में नामित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा।
सुशासन तिहार की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बताया कि जिले में अब तक 37 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें कुल 30,493 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 16,069 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि 14,396 आवेदन लंबित हैं। उन्होंने सभी विभागों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि विद्युत अवरोध की स्थिति में आम नागरिकों को समय रहते कारण एवं बिजली बहाली का संभावित समय बताया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों को फोन कॉल का तत्काल जवाब देने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने “खेती बचाओ अभियान” के तहत कृषि विभाग के मैदानी अमले को गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करने कहा। यह अभियान 1 जून से 30 जून तक संचालित होगा। किसानों को निर्धारित मात्रा में यूरिया एवं डीएपी उपलब्ध कराने तथा खाद भंडारण का नियमित भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नैनो यूरिया एवं प्राकृतिक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए मौसमी बीमारियों के प्रति सतर्क रहने तथा आवश्यक अलर्ट जारी करने के निर्देश दिए गए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं नगरीय निकायों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा गया।
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत सभी नगरीय निकायों में लोक कल्याण मेले आयोजित कर अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत महिला समूहों को भी जोड़े जाने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया। बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 3,626 सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री घोषणाओं, राजस्व प्रकरणों, स्वामित्व योजना, जन शिकायतों, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।