बलौदाबाजार। 29 जुलाई 2026 बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक और साइबर जांच की मदद से 12 लाख रुपये की सनसनीखेज ज्वेलरी लूट का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय हथियारबंद डकैत गिरोह के चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी के जेवर, अवैध हथियार, कारतूस, महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी सहित करीब 26 लाख रुपये का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को ग्राम रोहरा निवासी एवं दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी से रोहरा हाई स्कूल के पास चार नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर 13 किलोग्राम चांदी और 70 ग्राम सोना लूट लिया था। इस संबंध में थाना भाटापारा ग्रामीण में मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
नवागत पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में गठित टीम ने 1,000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। AI आधारित वीडियो एवं डेटा एनालिटिक्स, साइबर सेल की तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश से जुड़े चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू पाण्डेय उर्फ शत्रुहन (चित्रकूट, उत्तर प्रदेश), जयदीप गुप्ता (रीवा, मध्य प्रदेश), जिआ उल हक (गोण्डा, उत्तर प्रदेश) और गंगासागर पाण्डेय (चित्रकूट, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 100 से अधिक लूट, डकैती और चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, इसी गिरोह पर वर्ष 2022 और 2024 में भाटापारा क्षेत्र के दो ज्वेलर्स से लूट की घटनाओं को अंजाम देने का भी आरोप है।
पुलिस ने आरोपियों से एक पिस्तौल, एक देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, एक धारदार तलवार, महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, लगभग एक लाख रुपये के चांदी के जेवर और नकदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ जारी होने की जानकारी दी गई है।