AI तकनीक से बलौदाबाजार पुलिस की बड़ी सफलता, 12 लाख की ज्वेलरी लूट का पर्दाफाश; अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

July 29, 2026

AI तकनीक से बलौदाबाजार पुलिस की बड़ी सफलता, 12 लाख की ज्वेलरी लूट का पर्दाफाश; अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार, 29 जुलाई 2026। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 12 लाख रुपये की सनसनीखेज ज्वेलरी लूट का खुलासा कर अंतरराज्यीय हथियारबंद डकैत गिरोह के चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी के जेवर, अवैध हथियार, कारतूस, महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं नकदी सहित करीब 26 लाख रुपये का सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को ग्राम रोहरा निवासी एवं दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी से रोहरा हाई स्कूल के पास चार नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर 13 किलोग्राम चांदी और 70 ग्राम सोना लूट लिया था। इस मामले में थाना भाटापारा ग्रामीण में प्रकरण दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई।

नवागत पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में गठित टीम ने 1,000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित वीडियो एवं डेटा एनालिटिक्स की मदद से आरोपियों की पहचान कर उनके मूवमेंट का पता लगाया। साइबर सेल की तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश से जुड़े चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू पाण्डेय उर्फ शत्रुहन (चित्रकूट, उ.प्र.), जयदीप गुप्ता (रीवा, म.प्र.), जिआ उल हक (गोण्डा, उ.प्र.) और गंगासागर पाण्डेय (चित्रकूट, उ.प्र.) के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 100 से अधिक लूट, डकैती और चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। इनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं। इसी गिरोह पर वर्ष 2022 और 2024 में भाटापारा क्षेत्र के दो ज्वेलर्स से लूट की घटनाओं को अंजाम देने का भी आरोप है।

पुलिस ने आरोपियों से एक पिस्तौल, एक देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, एक धारदार तलवार, महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिलें, पांच मोबाइल फोन, लगभग एक लाख रुपये के चांदी के जेवर और नकदी बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपने प्रतिष्ठानों और घरों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने तथा किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों एवं नेटवर्क के संबंध में पूछताछ जारी होने की जानकारी दी गई है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment