रायपुर । 31 जनवरी 2026 टी-20 वर्ल्ड कप से पहले रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 37 लाख 50 हजार रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन और 3 महंगी कारें जब्त की गई हैं। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 92.50 लाख रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कांबले के निर्देशन में की गई। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) श्री उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा पूरे मामले की सतत निगरानी की जा रही थी।
नागोराव गली अंडर ब्रिज के पास पकड़ा गया गिरोह
दिनांक 31 जनवरी 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि थाना गंज क्षेत्र अंतर्गत नागोराव गली अंडर ब्रिज के पास चारपहिया वाहनों में सवार कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और तीन अलग-अलग चारपहिया वाहनों में सवार छह आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।
मास्टर आईडी बनाकर चलाया जा रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइट्स के माध्यम से मास्टर आईडी बनाकर और उसे कमीशन के आधार पर अन्य लोगों को बेचकर क्रिकेट सट्टा खिलवा रहे थे। आईडी की बिक्री से अवैध रूप से लाखों रुपये का लेन-देन किया जा रहा था। मौके से भारी मात्रा में नकदी बरामद होना हवाला और म्यूल बैंक खातों की ओर भी इशारा कर रहा है, जिस पर फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन की जा रही है।
जब्त सामग्री नकद राशि: ₹37,50,000 10 मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹5 लाख) 2 महिंद्रा थार कार 1 नेक्सा XL6 कार कुल जप्त मूल्य: लगभग ₹92,50,000
दर्ज अपराध
आरोपियों के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 30/26 के तहत
छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 112(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी रखब देव पाहुजा, जितेंद्र कुमार कृपलानी, दीपक अग्रवाल और सचिन जैन पूर्व में भी अलग-अलग थानों से जुआ के मामलों में जेल जा चुके हैं।
अन्य राज्यों से जुड़े तार
जांच में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश एवं अन्य राज्यों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर आगे और गिरफ्तारियां की जाएंगी। साथ ही, आईडी लेकर ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी है।
गिरफ्तार आरोपी
रखब देव पाहुजा (46), निवासी भिलाई, जिला दुर्ग
पीयूष जैन (26), निवासी रोहिणीपुरम, रायपुर
जितेंद्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू (33), निवासी डी.डी. नगर, रायपुर
दीपक अग्रवाल (40), निवासी सकरी, जिला बिलासपुर
कमल राघवानी (32), निवासी खम्हारडीह, रायपुर
सचिन जैन (49), निवासी गुढ़ियारी, रायपुर
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बदलते अपराध के साथ पुलिस की रणनीति भी बदल रही है और अपराधियों की जीवनशैली व गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। यह कार्रवाई उसी सतर्कता का परिणाम है।