बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाला युवक गिरफ्तार डीआईजी रामकृष्ण साहू के निर्देशन में साइबर अपराध पर सख्ती, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

TEJASWI NATH SONI

July 12, 2026

साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बेमेतरा पुलिस द्वारा म्यूल बैंक खातों (किराये पर उपलब्ध कराए जाने वाले बैंक खातों) के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने म्यूल अकाउंट धारकों तथा दूसरों को बैंक खाता किराये पर देने के लिए प्रेरित करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है।

इसी अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुष्यंत कुमार साहू (21 वर्ष), पिता तारन साहू, निवासी ग्राम जेवरा, थाना सिटी कोतवाली, जिला बेमेतरा को गिरफ्तार किया। आरोपी को 9 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी का बैंक खाता साइबर ठगी में उपयोग किए जाने की आशंका के आधार पर जांच की गई। तस्दीक के दौरान आवश्यक साक्ष्य मिलने पर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।

बेमेतरा पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधों में उपयोग किए जा रहे म्यूल अकाउंट की पहचान कर ऐसे खाताधारकों और बैंक खाते किराये पर उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक या इंटरनेट बैंकिंग किसी भी व्यक्ति को किराये पर न दें और न ही किसी के कहने पर उपलब्ध कराएं, क्योंकि ऐसा करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment