छात्रों को डिजिटल खतरों से सावधान रहने की सलाह दी एसडीपीओ अजीत ओगरे
पिथौरा। संस्कार शिक्षण संस्थान के प्रतिभा विद्यालय में चल रहे संस्कार मल्टी टैलेंट समर कैंप में साइबर अपराध और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि पिथौरा एसडीपीओ अजीत ओगरे और कैंप निदेशक सीमा गौरव चंद्राकर उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को डिजिटल युग के साइबर खतरों से अवगत कराना और बचाव के उपाय सिखाना था।
एसडीपीओ ओगरे ने ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, सोशल मीडिया हैकिंग व एटीएम ठगी जैसे अपराधों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को सतर्क रहने और लालच से बचने की सलाह दी। “कोई मुफ्त में पैसा नहीं देता। बैंक विवरण या ओटीपी किसी से साझा न करें। ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें,” उन्होंने निर्देश दिए।कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा पर भी चर्चा हुई, जिसमें यातायात नियमों का पालन करने पर जोर दिया गया। छात्रों ने उत्साह से भाग लिया और एसडीपीओ से सवाल पूछे, जिनके जवाब दिए गए।
समापन पर चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को एसडीपीओ ने मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।इस अवसर पर एसडीपीओ अजीत ओगरे, आरक्षक हरिबंधु बारिक, चालक मयंक, निदेशक सीमा गौरव चंद्राकर, संस्थान पदाधिकारी व बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।