जांजगीर-चांपा। 30 जुलाई 2026 सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों के स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान थाना पामगढ़, जांजगीर, मुलमुला, बिर्रा, सारागांव, नवागढ़, चांपा, बलौदा, शिवरीनारायण, बम्हनीडीह तथा यातायात पुलिस की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों में विद्यार्थियों से संवाद किया।
पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताते हुए ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से सतर्क रहने की सलाह दी। सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन या अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।
इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। छात्रों को बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है।
कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों पर भी विशेष जानकारी दी गई। पुलिस ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों को यह भी प्रेरित किया कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध गतिविधि, साइबर अपराध या अन्य आपात स्थिति की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
जांजगीर-चांपा पुलिस का कहना है कि सामुदायिक पुलिसिंग के तहत इस प्रकार के जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आमजन और विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़े, अपराधों पर प्रभावी रोक लगे और सुरक्षित व जिम्मेदार समाज का निर्माण हो सके।