बेलसोंडा रेलवे क्रॉसिंग पर जाम से मिलेगी मुक्ति! 700 टन वजनी गर्डर की सफल लॉन्चिंग, 80% पूरा हुआ ROB निर्माण

SARJU PRASAAD SAHU

November 29, 2026

महासमुंद। रायपुर-महासमुंद राष्ट्रीय राजमार्ग-353 (NH-353) पर बेलसोंडा रेलवे क्रॉसिंग के पास निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (ROB) परियोजना ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शनिवार को रेलवे द्वारा दिए गए तीन घंटे के विशेष ब्लॉक के दौरान 72 मीटर लंबे और लगभग 700 टन वजनी विशाल बो-स्ट्रिंग गर्डर की लॉन्चिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई। इस महत्वपूर्ण कार्य के पूरा होने से आरओबी निर्माण को नई गति मिली है।

58.66 करोड़ की स्वीकृति, 80 प्रतिशत कार्य पूरा

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा इस परियोजना के लिए लगभग 58.66 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जबकि निर्माण कार्य की अनुबंध राशि 34.15 करोड़ रुपये है। राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग रायपुर के अंतर्गत निर्माणाधीन इस आरओबी परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष निर्माण कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। विभाग के अनुसार, आगामी 3 से 4 महीनों में परियोजना पूरी होने की संभावना है।

वर्षों पुरानी जाम की समस्या से मिलेगी निजात

बेलसोंडा रेलवे क्रॉसिंग रायपुर और महासमुंद के बीच आवागमन का प्रमुख मार्ग है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ट्रेन के आवागमन के दौरान रेलवे फाटक बंद होने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इससे नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

आरओबी का निर्माण पूरा होने और यातायात के लिए शुरू होने के बाद लोगों को रेलवे फाटक पर रुकने की मजबूरी से राहत मिलेगी। इससे समय की बचत होगी और रायपुर-महासमुंद मार्ग पर यातायात अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा।

आधुनिक तकनीक से हुआ 700 टन के गर्डर का इंस्टॉलेशन

परियोजना के तहत 72 मीटर लंबे और करीब 700 टन वजनी बो-स्ट्रिंग गर्डर की लॉन्चिंग तकनीकी दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण कार्य है। रेलवे के निर्धारित तीन घंटे के ब्लॉक में इस विशाल गर्डर को सफलतापूर्वक स्थापित करना निर्माण एजेंसियों के बेहतर समन्वय, तकनीकी दक्षता और कार्यकुशलता को दर्शाता है।

3 से 4 महीने में पूरा हो सकता है निर्माण

बेलसोंडा रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी का निर्माण पूरा होना क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। इससे रायपुर और महासमुंद के बीच आवागमन पहले से अधिक सुविधाजनक होगा। लंबे समय से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से परेशान लोगों को इस परियोजना के पूरा होने का बेसब्री से इंतजार है। अब 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोगों को जल्द ही इस समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment