ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था में मितानिनों की भूमिका अहम, विधायक ने सेवा और समर्पण की सराहना की,
छुरा/ गरियाबंद:- नगर के शीतला मंदिर प्रांगण में स्वस्थ पंचायत सम्मेलन एवं मितानिन दिवस समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मितानिन बहनें एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मितानिन बहनों का सम्मान रहा। विधायक रोहित साहू ने मितानिन बहनों को साड़ी भेंटकर उनके सेवा कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। गांव-गांव में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, स्वच्छता तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता फैलाने में मितानिनों के योगदान की सराहना की गई।
मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला : रोहित साहू
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। वे धूप, बारिश और विपरीत परिस्थितियों की परवाह किए बिना गांव के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता का संदेश पहुंचाने का कार्य करती हैं। उनके समर्पण और मेहनत से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक ग्राम पंचायत स्वस्थ, स्वच्छ और जागरूक होगी, तभी क्षेत्र और प्रदेश का समग्र विकास संभव हो सकेगा। मितानिन बहनों का सम्मान उनके त्याग, परिश्रम और सेवाभाव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
सेवा और समर्पण की मिसाल हैं मितानिन बहनें : अनिल चंद्राकर
भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि मितानिन बहनें सेवा और समर्पण की जीवंत मिसाल हैं तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कठिन परिस्थितियों और संकट के समय में भी उन्होंने जिस निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ लोगों की सेवा की है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पंचायत की परिकल्पना तभी साकार हो सकती है, जब जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग का अमला और ग्रामवासी मिलकर सामूहिक प्रयास करें। ऐसे सम्मान समारोह से मितानिन बहनों का मनोबल बढ़ेगा और वे नई ऊर्जा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा, जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी, जनपद पंचायत अध्यक्ष मीरा ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और मितानिन बहनों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इन जनप्रतिनिधियों की रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश साहू, भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू एवं आशीष शर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद, छुरा भाजपा मंडल अध्यक्ष खोमन चंद्राकर, खड़मा भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, जनपद उपाध्यक्ष कुलेश्वर सोनवानी, जनपद सदस्य पंकज निर्मलकर एवं दुलारी साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा केशरी ध्रुव उपाध्यक्ष भाजपा जिला गरियाबंद, थानसिंग निषाद नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि, रामलाल कुलदीप महामंत्री भाजपा मंडल छुरा, गोविन्द तिवारी उपाध्यक्ष भाजपा मंडल गरियाबंद, ओमप्रकाश साहू, कामनी यादव, दिशांक चंद्राकर, तुलाराम साहू, गरिमा ध्रुव सभापति नगर पंचायत, गणेश यादव, इमरान मेमन, पुरुषोत्तम गोस्वामी महामंत्री भाजपा मंडल खड़मा, भवानी शंकर, वेदिका वासनिक एवं संतोषी साहू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
मितानिन बहनों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम को सफल बनाने में छुरा की मितानिन श्रीमती संतोषी रामटेके, श्रीमती सरिता देवांगन सहित छुरा एवं आसपास के क्षेत्रों की मितानिन बहनों का विशेष सहयोग रहा। समारोह के माध्यम से मितानिनों के योगदान को सम्मान देने के साथ ही स्वस्थ, स्वच्छ एवं जागरूक पंचायत निर्माण का संदेश दिया गया।


