प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने की थी युवती की हत्या, फरार आरोपी बड़े पिता झारखंड से गिरफ्तार
महासमुंद। थाना पटेवा क्षेत्र में करीब पांच-छह माह पहले हुए युवती के अंधे कत्ल के मामले में महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में शामिल फरार आरोपी मृतिका के बड़े पिता राजेश सिंह को झारखंड के पलामू जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 की सुबह थाना पटेवा क्षेत्र के ग्राम तुरेंगा के पास, टूररडीह से रायतुम जाने वाले मार्ग किनारे एक खेत में अज्ञात युवती का शव मिला था। शव के गले और चेहरे पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान थे। इस मामले में थाना पटेवा में अपराध क्रमांक 110/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान मृतिका की पहचान 19 वर्षीय रानी कुमारी सिंह पति प्रेम ध्रुव (निवासी बागबाहरा) के रूप में हुई। पुलिस विवेचना में सामने आया कि रानी मूल रूप से झारखंड की रहने वाली थी और लंबे समय से बागबाहरा में अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान प्रेम कुमार ध्रुव से हुई और दोनों ने परिजनों की मर्जी के खिलाफ अंतरजातीय विवाह कर लिया था।
विवाह से मृतिका के परिजन नाराज थे। इसी रंजिश के चलते पिता उमेश सिंह ने अपने भाइयों दिनेश सिंह और राजेश सिंह के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोप है कि 16 जून 2026 को तीनों ने मिलकर रानी को उसके ससुराल से जबरन बाइक पर बैठाया और तुरेंगा के पास सुनसान जगह ले जाकर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय मृतिका छह माह की गर्भवती थी और इसकी जानकारी परिजनों को भी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी अलग-अलग राज्यों में फरार हो गए थे।
मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी पिता उमेश सिंह को सूरत (गुजरात) से गिरफ्तार कर चुकी थी। वहीं, बड़े पिता राजेश सिंह और चाचा दिनेश सिंह फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश तकनीकी विश्लेषण के जरिए लगातार की जा रही थी। इसी कड़ी में राजेश सिंह के अपने गृह ग्राम कजरूखुर्द, जिला पलामू (झारखंड) के पास जंगलों में छिपे होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा। फरार आरोपी चाचा दिनेश सिंह की तलाश पुलिस द्वारा जारी है।
अब तक गिरफ्तार आरोपी:
-
राजेश सिंह (मृतिका के बड़े पिता) — निवासी ग्राम कजरूखुर्द, जिला पलामू (झारखंड) (हाल गिरफ्तार)
-
उमेश सिंह (मृतिका के पिता) — निवासी पुना, जिला सूरत (गुजरात) (पूर्व में गिरफ्तार)


