महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10.35 करोड़ रुपये का 19 क्विंटल 98 किलो अवैध गांजे किया गया नष्टीकरण

SARJU PRASAAD SAHU

November 26, 2026

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी मात्रा में जब्त गांजे का नियमानुसार नष्टीकरण किया। शासन की गाइडलाइन के अनुरूप जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में 19 क्विंटल 98 किलो 543 ग्राम अवैध गांजे को नष्ट किया गया। नष्ट किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 10 करोड़ 35 लाख 13 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिले के विभिन्न थानों में दर्ज NDPS एक्ट के कुल 57 प्रकरणों में जब्त गांजे का नष्टीकरण 25 नवंबर 2026 को बालाजी प्लांट, बेलसोंडा (महासमुंद) में किया गया। नष्टीकरण से पहले जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी द्वारा जब्त मादक पदार्थों का भौतिक सत्यापन किया गया।

इस कार्रवाई के दौरान कमेटी के अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक महासमुंद, सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला आबकारी अधिकारी उपस्थित रहे। सभी आवश्यक प्रक्रियाओं और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए गांजे का नष्टीकरण किया गया।

इन थानों के 57 प्रकरणों में जब्त था गांजा

नष्टीकरण में जिले के छह थानों के प्रकरण शामिल रहे। इनमें थाना कोमाखान के 21, थाना बसना के 14, थाना सिंघोड़ा के 18, थाना महासमुंद के 1, थाना सरायपाली के 2 तथा थाना बागबाहरा के 1 प्रकरण शामिल हैं।

इस प्रकार महासमुंद पुलिस द्वारा कुल 1998.543 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा नष्ट कर नियमानुसार कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment