बसना। छत्तीसगढ़ में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘धान खरीदी उत्सव’ हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गिधली में नवीन धान खरीदी उपार्जन केंद्र का भव्य उद्घाटन हुआ। बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने फीता काटकर नवीन धान उपार्जन केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने भगवान की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों एवं अन्नदाताओं की सुख-समृद्धि, उत्तम फसल और खुशहाली की मंगल कामना की। इसके बाद उन्होंने पूरे धान उपार्जन केंद्र का भ्रमण कर इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, बारदाना की उपलब्धता, नमी मापक यंत्र, पेयजल, छाया तथा किसानों की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
जनसमूह और किसानों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि धान खरीदी उत्सव किसानों के परिश्रम का सम्मान और उनकी खुशहाली का प्रतीक है। ग्राम गिधली में नए धान उपार्जन केंद्र के शुभारंभ से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए सुगम, व्यवस्थित और नजदीकी माध्यम उपलब्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसान के आर्थिक रूप से सशक्त होने से ही गांव, प्रदेश और देश का समग्र विकास संभव है।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने मौके पर उपस्थित समिति प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और सुगमता बरती जाए। केंद्र में आने वाले प्रत्येक किसान को सम्मानजनक वातावरण मिले और तौल से लेकर भुगतान तक किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने प्रदेश सरकार की किसान हितैषी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार किसानों के हित और कल्याण के लिए पूर्णतः संकल्पित है। सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों और पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से अन्नदाताओं को उनकी उपज का उचित मूल्य और सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश चौधरी, मंडल अध्यक्ष गढ़फूलझर नरहरि पोर्ते, विधायक प्रतिनिधि अरविंद मिश्रा, सरपंच ग्राम पंचायत गिधली शोभित मांझी, कुरचुंडी सोसायटी अध्यक्ष तेजेंद्र पटेल, खरोरा सोसायटी अध्यक्ष केदार पटेल, मोहका सोसायटी अध्यक्ष संजय प्रधान, जिला मीडिया प्रभारी विजय पटेल, भाजपा उपाध्यक्ष दिलीप साव, उपसरपंच मोहन पटेल, ब्रांच मैनेजर लक्ष्मी डड़सेना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, पंच-सरपंच, सहकारी समिति के सदस्य एवं क्षेत्र के सैकड़ों किसान भाई उपस्थित रहे।


