बलौदाबाजार में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ बसपा का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

TEJASWI NATH SONI

November 3, 2026

करीब 500 लोगों की मौजूदगी में उठाए स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े 21 मुद्दे, CMHO डॉ. राजेश कुमार अवस्थी को पद से हटाने की मांग

 

बलौदाबाजार-भाटापारा, 3 नवंबर 2026। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। बसपा की जिला इकाई के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 500 पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधियों ने कलेक्टर के माध्यम से छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. राजेश कुमार अवस्थी को उनके वर्तमान पद से हटाने की मांग की।

 

पार्टी की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं और विभागीय प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर कुल 21 बिंदुओं पर सवाल उठाए गए हैं। बसपा ने आरोप लगाया कि जिले में आम नागरिकों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।

 

स्वास्थ्य सेवाओं और एंबुलेंस व्यवस्था पर उठाए सवाल

 

ज्ञापन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदस्थापना, मुख्यालय में अनुपस्थिति, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिलने जैसे मुद्दे शामिल हैं।

 

इसके अलावा जीवनरक्षक दवाइयों की उपलब्धता, 102 महतारी एक्सप्रेस और 108 एंबुलेंस सेवाओं की स्थिति तथा 1099 मुक्तांजलि शव वाहन सेवा बंद होने को लेकर भी पार्टी ने सवाल उठाए हैं। बसपा ने निजी अस्पतालों की भूमिका और सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर उपचार नहीं मिलने का मुद्दा भी प्रशासन के सामने रखा।

 

आयुष्मान योजना और खरीदी-निर्माण कार्यों की जांच की मांग

 

ज्ञापन में आयुष्मान भारत योजना के तहत कैशलेस उपचार, अस्पतालों द्वारा मरीजों को बिल उपलब्ध नहीं कराने और स्वास्थ्य विभाग में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही सिविल सर्जन के कार्यकाल में हुई खरीदी और निर्माण कार्यों की राज्य स्तरीय जांच कराने की मांग भी उठाई गई है।

 

जिला अस्पताल में बच्चे की मौत का मामला भी उठाया

 

बसपा ने जिला अस्पताल बलौदाबाजार में उपचार के दौरान एक मासूम बच्चे की मौत से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है। पार्टी ने इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

 

पार्टी प्रतिनिधियों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को समय पर बेहतर इलाज मिलना चाहिए। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेने के लिए मजबूर होना चिंताजनक है।

 

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता हुए शामिल

 

प्रदर्शन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार वर्मा, जिलाध्यक्ष प्रह्लाद साहू, जिला उपाध्यक्ष आनंद मिर्जी, जिला महासचिव छबिन सिंह, डेरहा डहरिया, राजकुमार हरिराम, अंगद साहू, आशीष सिंह, विजय सोनवानी, बसंत जांगड़े, अशोक ठाकुर, देवेंद्र पात्रे, अजय डहरिया, विकास टंडन, कृपाराम साहू, नरेश टंडन, बरात बंजारे, लालमणि केवट, हीरा टंडन, पोतराम नषाटे, विजय कुमार, नीरबल साहू, संतोष धृतलहरे, अमित कुशले और कालू धृतलहरे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

निष्पक्ष जांच और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग

 

बहुजन समाज पार्टी की जिला इकाई ने राज्यपाल और जिला प्रशासन से ज्ञापन में उठाए गए सभी 21 बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही CMHO को वर्तमान पद से हटाकर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

 

पार्टी ने कहा कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और मरीजों के हितों की रक्षा के लिए वह आगे भी अपनी आवाज उठाती रहेगी।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment