महासमुंद में राज्योत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ: 16 विभागों की विकास प्रदर्शनी ने बटोरी सुर्खियां, सांसद रूपकुमारी चौधरी के हाथों हितग्राहियों को मिली सौगात

SARJU PRASAAD SAHU

November 2, 2026

हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत मिली सौगात, दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और आवास हितग्राहियों को सौंपी गई गृह प्रवेश की प्रतीकात्मक चाबी

महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्षगांठ के अवसर पर 2 नवंबर 2026 को महासमुंद जिले में राज्योत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर जिले के 16 विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उल्लेखनीय उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए आकर्षक स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। वहीं विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को सामग्री एवं सहायता प्रदान कर लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, भारत स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, जनपद सदस्य श्रीमती विजय लक्ष्मी जांगड़े, सरायपाली नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती चंद्र कुमार पटेल, महासमुंद नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

विकास योजनाओं की प्रदर्शनी को सांसद ने बताया जिले की विकास गाथा

सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए जिले में आधारभूत संरचना, कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी महासमुंद जिले की विकास गाथा का जीवंत चित्रण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए।

हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात, दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित

राज्योत्सव के अवसर पर सांसद श्रीमती चौधरी के हाथों कृषि, मत्स्य पालन एवं उद्यानिकी विभाग के हितग्राहियों को लाभार्थी किट, प्रशिक्षण एवं वित्तीय सहायता प्रदान की गई। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित की गई। वहीं जिला पंचायत विभाग के स्टॉल में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के हितग्राहियों को अभिनंदन पत्र एवं गृह प्रवेश की सांकेतिक चाबी सौंपी गई।

सांसद ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ एवं उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

16 विभागों के स्टॉल में दिखी विकास और जनकल्याण की झलक

राज्योत्सव में लगाए गए विभागीय स्टॉलों के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई। कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने फसल विविधीकरण, समर्थन मूल्य पर दलहन-तिलहन खरीदी एवं कृषक उन्नति योजना को प्रदर्शित किया। उद्यानिकी विभाग ने पॉलीहाउस में फूलों की खेती, ऑयल पाम एवं सब्जी उत्पादन की जानकारी दी।

पशुधन विभाग ने गौपालन एवं मुर्गीपालन के माध्यम से महिला स्वरोजगार की संभावनाओं को प्रदर्शित किया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की जानकारी दी। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, जिला पंचायत, पुलिस, परिवहन, खाद्य, वन, मत्स्य पालन, श्रम एवं जनसंपर्क विभाग ने भी अपने-अपने स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई।

स्थानीय उत्पादों और छत्तीसगढ़ी संस्कृति ने भी आकर्षित किया लोगों का ध्यान

राज्योत्सव में बिहान समूहों एवं स्थानीय कारीगरों द्वारा छत्तीसगढ़ी व्यंजन, हस्तशिल्प, कोसा साड़ी, बांस शिल्प, मशरूम उत्पादन सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। वहीं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने निःशुल्क कानूनी सहायता और स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान योजना, टीबी मुक्त भारत अभियान एवं निःशुल्क उपचार से संबंधित जानकारी दी।

राज्योत्सव में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया और शासन की योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। आयोजन के माध्यम से जहां जिले की विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया, वहीं आम जनता और शासकीय योजनाओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का भी अवसर मिला।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment