बसना: उचित मूल्य दुकान गढ़गांव में बड़ी चोरी, सटर काटकर 30 बोरी चावल और शक्कर की बोरी ले उड़े चोर

SARJU PRASAAD SAHU

November 2, 2026

सार्वजनिक वितरण प्रणाली के खाद्यान्न को बनाया निशाना, चोरी की घटना से ग्रामीणों में मचा हड़कंप; पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

बसना। महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दलदली के आश्रित ग्राम गढ़गांव स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोर दुकान का सटर काटकर अंदर घुसे और वहां रखे लगभग 30 बोरी चावल सहित एक बोरी शक्कर चोरी कर फरार हो गए। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

सटर काटकर दुकान में घुसे चोर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात चोरों ने गढ़गांव स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान को निशाना बनाया। चोरों ने दुकान के सटर को काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां भंडारित खाद्यान्न को अपने साथ ले गए। चोरी हुए सामान में लगभग 30 बोरी चावल और एक बोरी शक्कर शामिल है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।

गरीब परिवारों के राशन पर चोरों की नजर

शासकीय उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में बड़ी मात्रा में चावल और शक्कर की चोरी होना गंभीर मामला है। इस घटना ने उचित मूल्य दुकानों में रखे खाद्यान्न की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों ने की जांच और कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने पुलिस एवं प्रशासन से चोरी की घटना की गंभीरता से जांच कराने, अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने तथा चोरी हुए खाद्यान्न की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है।

अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में जांच के दौरान किन तथ्यों का खुलासा करती है और चोरी की इस वारदात में शामिल आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment