सक्ती। जिले के हसौद थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन स्वामी आत्मानंद स्कूल भवन से लोहे की सेटरिंग प्लेट चोरी करने के मामले में हसौद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गईं 30 नग लोहे की सेटरिंग प्लेट बरामद की हैं। वहीं, चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गईं दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
24 हजार रुपये की सेटरिंग प्लेट पर चोरों ने किया था हाथ साफ
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बंशी साहू निवासी मुड़पार ने थाना हसौद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम हसौद स्थित निर्माणाधीन स्वामी आत्मानंद स्कूल के नवीन भवन निर्माण कार्य के लिए रखी गई 30 नग लोहे की सेटरिंग प्लेट अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई हैं। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 24 हजार रुपये बताई गई थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पकड़े छह आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी चंद्रपुर (डभरा) सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में हसौद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में चोरी की घटना में उनकी संलिप्तता सामने आने के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गईं सभी 30 सेटरिंग प्लेट बरामद कर ली गईं।
चोरी में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल भी जब्त
पुलिस ने चोरी की वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 CH 2787 और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 AU 1016 को भी जब्त किया है।
गिरफ्तार किए गए छह आरोपी
- 1. फिरत कुमार नागेश (25 वर्ष), निवासी हसौद।
- 2. रमेश कुमार साहू (22 वर्ष), निवासी हसौद।
- 3. रविशंकर बर्मन (32 वर्ष), निवासी हसौद।
- 4. सुभाष खूंटे (22 वर्ष), निवासी धमनी।
- 5. रवि यादव (21 वर्ष), निवासी हसौद।
- 6. कुमार सिंह चौहान (60 वर्ष), निवासी हसौद।
31 अक्टूबर को गिरफ्तार कर भेजे गए न्यायिक अभिरक्षा में
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 200/2026, धारा 305(ए) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर 31 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विंटन साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र वारेन तथा आरक्षक गंगाराम यादव, राजेश यादव, शिवगोपाल रात्रे, राजू खूंटे और गोपेश्वर नेताम का विशेष योगदान रहा।
हसौद पुलिस की इस कार्रवाई में चोरी गई पूरी 30 नग सेटरिंग प्लेट की बरामदगी के साथ वारदात में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया है।


