सारंगढ़-बिलाईगढ़ में छात्राओं से दुर्व्यवहार के आरोप पर तीन शिक्षकों पर कार्रवाई, दो निलंबित

TEJASWI NATH SONI

October 31, 2026

 

बरमकेला के पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल का मामला; तीसरे शिक्षक की सेवा समाप्त करने कंपनी को भेजी गई अनुशंसा

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 30 अक्टूबर 2026। जिले के बरमकेला स्थित पीएमश्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना और अमर्यादित आचरण के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दो शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि अनुबंध पर कार्यरत एक व्यावसायिक शिक्षक की सेवा समाप्त करने के लिए संबंधित कंपनी को अनुशंसा भेजी गई है।

 

मामले में लोक शिक्षण संचालनालय और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं। कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में इस प्रकरण को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

 

व्याख्याता दयासागर चौहान निलंबित

 

पहले मामले में विद्यालय के व्याख्याता दयासागर चौहान पर छात्राओं के साथ अपमानजनक एवं अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की शिकायत मिली थी। विद्यालय की महिला उत्पीड़न एवं लैंगिक सुरक्षा समिति ने 27 अक्टूबर 2026 को जांच की। विभागीय आदेश के अनुसार, जांच में शिकायतों की पुष्टि होने के बाद इसे अनुशासनहीनता और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का उल्लंघन मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सारंगढ़-बिलाईगढ़ निर्धारित किया गया है।

 

सहायक शिक्षक ठाकुर राम चौहान पर भी गिरी गाज

 

दूसरे मामले में सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) ठाकुर राम चौहान पर छात्राओं ने अनुचित नजर से देखने, अनावश्यक रूप से समीप आने का प्रयास करने, सीटी बजाने और फब्तियां कसने जैसे आरोप लगाए थे।

 

जानकारी के अनुसार, कक्षा 12वीं की छात्राओं ने 13 अक्टूबर 2026 को लिखित शिकायत की थी। इसके बाद गठित पांच सदस्यीय जांच समिति ने 16 अक्टूबर को अपनी रिपोर्ट सौंपी। छात्राओं ने अपने बयान में संबंधित व्यवहार से असहजता व्यक्त की थी। शिक्षक ने अपने स्पष्टीकरण में आरोपों से इनकार किया था। हालांकि, छात्राओं की सुरक्षा और निष्पक्ष विभागीय जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनका मुख्यालय विकासखंड कार्यालय बरमकेला निर्धारित किया गया है।

 

व्यावसायिक शिक्षक हरीश चंद्राकर की सेवा समाप्ति की अनुशंसा

 

तीसरे मामले में विद्यालय के व्यावसायिक शिक्षक हरीश चंद्राकर के खिलाफ भी छात्राओं ने गंभीर शिकायतें दर्ज कराई थीं। उन पर छात्राओं को अनुचित दृष्टि से देखने, उनके पास आने का प्रयास करने और शिक्षक दिवस यानी 5 सितंबर को कथित रूप से शराब पीकर विद्यालय आने तथा दुर्व्यवहार करने के आरोप लगे हैं।

 

जांच समिति ने 27 अक्टूबर 2026 को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें आरोपों की पुष्टि होने की बात कही गई है। हरीश चंद्राकर की नियुक्ति NITCON Limited नामक प्लेसमेंट कंपनी के माध्यम से अनुबंध पर हुई है। ऐसे में जिला शिक्षा अधिकारी ने कंपनी के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर उनकी सेवा समाप्त करने की अनुशंसा की है। अंतरिम व्यवस्था के तहत उन्हें छात्राओं के प्रत्यक्ष शिक्षण एवं पर्यवेक्षण कार्य से हटाकर विकासखंड कार्यालय बरमकेला में संलग्न किया गया है।

 

छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विभाग का सख्त रुख

 

एक ही विद्यालय के तीन शिक्षकों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई ने शिक्षा संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा फिर चर्चा में ला दिया है। विभागीय कार्रवाई के अनुसार, दो शिक्षकों को निलंबित किया गया है, जबकि तीसरे शिक्षक के मामले में सेवा समाप्ति की अनुशंसा की गई है।

 

शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य विद्यालय में सुरक्षित और सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है। संबंधित मामलों में नियमानुसार विभागीय प्रक्रिया आगे जारी रहेगी।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment